एसडीएम मित्तल बोले- कोई भी पात्र मतदाता न छूटे, फॉर्म नंबर 6 भरवाकर अभियान का लक्ष्य पूरा करें
NEXT 19 अक्टूबर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। मतदाता सूची में नए युवाओं को जोड़ने के लिए निर्वाचन विभाग ने विशेष अभियान शुरू किया है। इसके तहत 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के पात्र युवाओं का पंजीकरण करवाया जाएगा। सोमवार को पंचायत समिति सभागार में विधानसभा क्षेत्र के बीएलओ की बैठक हुई। इसमें एसडीएम झंवरलाल मित्तल ने निर्देश दिए कि अभियान के तहत कोई भी पात्र मतदाता पंजीकरण से वंचित नहीं रहना चाहिए।

एसडीएम मित्तल ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पालना करते हुए नव मतदाताओं का अधिकाधिक पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। नायब तहसीलदार निर्वाचन रमेश सिंह चौहान ने बीएलओ को घर-घर जाकर पात्र युवाओं की पहचान करने और उनका फॉर्म नंबर 6 भरवाने के निर्देश दिए।
प्रारूप-4 घोषणा पत्र की बाध्यता समाप्त: बैठक में मास्टर ट्रेनर नौरत मल शर्मा ने बताया कि नव मतदाता पंजीकरण में प्रारूप-4 घोषणा पत्र की बाध्यता समाप्त कर दी गई है। उन्होंने बीएलओ से अभियान में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए गंभीरता से कार्य करने को कहा। बैठक में निर्वाचन शाखा से लीलाराम मीणा और मांगीलाल उपस्थित रहे।






























