NEXT 13 मई, 2025। मंगलवार सुबह क्षेत्र के गांव गुसाईंसर बड़ा के पास स्थित ईंट भट्टे पर काम कर रही एक महिला श्रमिक ने फांसी लगाकर जान दे दी। मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले के कम्पिल इकलहरा निवासी खिलौनी (उम्र 26 वर्ष) के रूप में हुई है। महिला अपने पति राजीव कुमार के साथ ईंट भट्टे पर मजदूरी कर रही थी।
जानकारी के मुताबिक, घटना सुबह करीब 4 बजे की है, जब महिला ने अज्ञात कारणों से खुद को फांसी लगा ली। जब तक अन्य श्रमिकों और मालिक को जानकारी मिली, तब तक वह बेसुध हो चुकी थी। सुबह करीब 9 बजे महिला को श्रीडूंगरगढ़ अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस भी अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। शव को मोर्चरी में रखवाया गया है और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा।
बताया जा रहा है कि मृतका की शादी को करीब पांच साल ही हुए हैं। आत्महत्या के पीछे कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।