श्रीडूंगरगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए मोमेंटो देकर किया सम्मानित
NEXT 15 अक्टूबर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। तहसील कार्यालय के सभागार में गुरुवार को राजस्व दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में वर्षभर उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले राजस्व विभाग के तीन कार्मिकों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। उपखंड अधिकारी झंवर लाल मित्तल ने कहा कि राजस्व पटवारी प्रशासनिक संरचना की मूल इकाई है। आमजन से जुड़े राजस्व कार्यों के सुचारू संचालन में पटवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।

तहसीलदार श्रीवर्धन शर्मा ने राजस्व विभाग की जिम्मेदारियों को पूरी तन्मयता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ निभाने के लिए प्रेरित किया। नायब तहसीलदार (निर्वाचन) रमेश सिंह चौहान ने आमजन के जायज कार्यों को पूरी निष्ठा और लगन से पूरा करने पर जोर दिया। वहीं, भू-अभिलेख निरीक्षक रामनिवास पांडिया ने राजस्व विभाग के विभिन्न कार्यों की जानकारी देते हुए विकास योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक समय पर पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया।
इन्हें किया सम्मानित: एसडीएम झंवर लाल मित्तल ने उत्कृष्ट सेवाओं और पदीय दायित्वों का बेहतर निर्वहन करने पर रामनिवास पांडिया, भू-अभिलेख निरीक्षक, गुसाईंसर बड़ा; किरण मीणा, पटवारी, भू-अभिलेख शाखा, तहसील कार्यालय श्रीडूंगरगढ़; और मनोज कुमार मीणा, पटवारी, डेलवां को मोमेंटो देकर सम्मानित किया।
































