पंचायतीराज चुनाव के चलते विश्वविद्यालय ने स्थगित की द्वितीय व चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षाएं, जल्द जारी होगी नई समय-सारणी
NEXT 14 अक्टूबर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। पंचायतीराज चुनाव और एलएलबी की परीक्षाओं की तारीखों में टकराव के चलते डॉ. भीमराव अम्बेडकर विधि विश्वविद्यालय, जयपुर ने एलएलबी द्वितीय व चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। विश्वविद्यालय के इस निर्णय का विद्यार्थियों ने स्वागत करते हुए इसे विद्यार्थी हित में उठाया गया कदम बताया है। अब परीक्षाएं दीपावली के बाद आयोजित होंगी। विश्वविद्यालय जल्द ही संशोधित परीक्षा कार्यक्रम जारी करेगा।

विश्वविद्यालय ने 7 अक्टूबर को एलएलबी द्वितीय व चतुर्थ सेमेस्टर परीक्षा 2025-26 की समय-सारणी जारी की थी। इसी बीच राजस्थान में पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव की संशोधित अधिसूचना जारी होने के बाद परीक्षा कार्यक्रम और मतदान की तारीखों में टकराव की स्थिति बन गई। विश्वविद्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार 22, 24, 28 और 30 अक्टूबर तथा 3 व 5 नवंबर को निर्धारित परीक्षाओं की तिथियां चुनाव कार्यक्रम से प्रभावित हो रही थीं।
इसके अलावा कुछ परीक्षा केंद्रों को निर्वाचन कार्य के लिए अधिगृहीत किए जाने के कारण भी निर्धारित तिथियों पर परीक्षाएं करवाना संभव नहीं हो पा रहा था। कई परीक्षार्थियों ने भी विश्वविद्यालय को अभ्यावेदन देकर परीक्षा तिथियों में बदलाव की मांग की थी। इनमें चुनाव में प्रत्याशी के रूप में भाग लेने वाले विद्यार्थी भी शामिल थे।
विद्यार्थियों ने कहा- फैसले से मिली राहत
परीक्षाएं स्थगित करने के निर्णय का स्वागत करते हुए चेतराम धत्तरवाल, रमेश सिद्ध सहित विद्यार्थियों ने इसे विद्यार्थी हित में लिया गया उचित निर्णय बताया। विद्यार्थियों का कहना है कि चुनाव और परीक्षा की तिथियां एक साथ होने से असमंजस की स्थिति बन रही थी। ऐसे में विश्वविद्यालय का यह कदम विद्यार्थियों के हित में है। अब विद्यार्थी चुनाव प्रक्रिया के बाद अपनी परीक्षाओं की तैयारी बेहतर तरीके से कर सकेंगे।
विश्वविद्यालय ने अपने आदेश में स्पष्ट किया है कि एलएलबी द्वितीय व चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षाएं पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव के चारों चरणों की मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद आयोजित की जाएंगी। संशोधित परीक्षा समय-सारणी जल्द जारी की जाएगी।





























